आगरा में सर्विलांस टीम और फतेहाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की रात तीन माह पूर्व दुकानों की दीवार काटकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे 2.5 किलोग्राम कॉपर और सोने-चांदी के गहने मिले हैं।
एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पूठपुरा निवासी महेश चंद्र ने 26 नवंबर 2025 को तहरीर दी थी। बताया था कि कस्बे के फिरोजाबाद चौराहे से स्थित उनकी दुकान से चोरों ने पीछे की दीवार तोड़कर सबमर्सिबल पंप, जनरेटर मोटर, 22 किलोग्राम कॉपर का तार, 20 हजार रुपये और अन्य कीमती सामान चोरी किया था। पास में ही कासिम खान की दुकान से भी सामान चोरी किया गया था। वहीं 24 दिसंबर 2025 को पिन्नापुरा निवासी मनोज की पूठपुरा गांव के पास स्थित दुकान से चोर दीवार तोड़कर दो साउंड मशीन, दो जेनरेटर के आर्वेचर, स्टेप्लाइजर आदि सामान चोरी कर ले गए थे।
शुक्रवार की रात पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर भरापुर पुलिया से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए बदमाशों में अनिल निवासी हिमायुंपुर थाना शमसाबाद, बनवारी लाल निवासी हिमायुंपुर थाना शमसाबाद, हाल निवासी ग्राम बरसेनी थाना देवगढ़ जिला मुरैना मध्य प्रदेश, भूपेंद्र निवासी खैरा थाना स्टेशन रोड जिला मुरैना, मध्य प्रदेश हैं। इनके कब्जे से 2.5 किलोग्राम कॉपर का तार, चांदी के सात सिक्के, एक जोड़ी पायल, 6 बिछिया, एक जोड़ी कान के झुमके, 11 माला के मनके पीली धातु, एक कान की बाली मिली।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीन माह पूर्व फिरोजाबाद चौराहे से दो दुकानों से चोरी की थी। दो माह पूर्व ही पूठपुरा में एक दुकान की छत काट कर चोरी की थी। चोरी किए सामान को फेरीवालों को बेच दिया था। वहीं, शुक्रवार को सबलगढ़ जिला मुरैना मध्य प्रदेश क्षेत्र में एक घर से चोरी की थी। एसीपी ने बताया कि तीनों आरोपियों पर अलग-अलग थानों में सात केस दर्ज है।