मैनपुरी। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए जिले के तीन कॉलेजों को डिबार घोषित कर दिया है। इस संबंध में डीआईओएस को सूचना भेज दी गई है।
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने डीआईओएस को पत्र भेजकर बताया कि आरबीएस इंटर कॉलेज सकरा को डिबार घोषित किया गया है। इस कॉलेज पर वर्ष 2015 में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान एक उत्तर पुस्तिका में हेराफेरी की गई थी। वहीं ज्ञानस्थली इंटर कॉलेज, जगतपुर को भी डिबार घोषित किया गया है।
जून 2018 में हुई बोर्ड की बैठक में इस कॉॅलेज को वर्ष 2019 से 2021 तक तीन साल तक डिबार करने का निर्णय लिया गया था। इसके अतिरिक्त राममनोहर लोहिया इंटर कॉलेज अचलपुर को भी डिबार किया गया है। यहां वर्ष 2019 की परीक्षा के दौरान इंटरमीडिएट अंग्रेजी प्रथम और द्वितीय प्रश्नपत्र की उत्तर पुस्तिका में हेराफेरी की गई थी। सचिव का पत्र मिलने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने इन कॉलेजों का विवरण विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।
वर्जन
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद से जिले के तीन कॉलेजों के वर्ष 2021 की बोर्ड परीक्षा के लिए डिबार किया गया है। बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची आज देर रात तक जारी होने की संभावना है।
मनोज कुमार वर्मा जिला विद्यालय निरीक्षक