गंजडुंडवारा। शहर की गोशाला में हीट स्ट्रोक के कारण तीन गोवंशों की मौत हो गई। जबकि 6 गोवंश बीमार हैं। गोशाला में गोवंशों की बदहाली का वीडियो दोपहर के समय वायरल हुआ। इस वायरल वीडियो को प्रशासन ने संज्ञान लिया। आनन फानन में पटियाली तहसील के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। गोवंशों की मौत का कारण पशु चिकित्सा विभाग के द्वारा अत्यधिक गर्मी और हीट स्ट्रोक को बताया। इस गोशाला में 263 गोवंश संरक्षित हैं।नगर में गोरक्षा विद्या प्रचारिणी सभा की गोशाला संचालित है। इस गोशाला का संचालन पिछले कई वर्षों से नगरपालिका के द्वारा किया जा रहा है। गोवंशों के लिए चारा पानी, सफाई आदि की व्यवस्था नगरपालिका के द्वारा की जाती है। गोशाला परिसर में टीनशेड भी लगा हुआ है। जहां गाय रहती हैं, लेकिन गर्मी के मौसम में गोशाला में छाया का कोई इंतजाम नहीं हैं। पेड़ पौधे भी नहीं है जिससे कहीं छाया गोवंशों को नहीं मिलती। भीषण गर्मी में टीनशेड़ में गोवंश परेशान रहते हैं। पूरा दिन छाया के अभाव में धूप में ही कटता है। जिसके चलते गोशाला के कमजोर गोवंश हीट स्ट्रोक की चपेट में आ गए और तीन गोवंशों की मौत हो गई। जबकि 6 का उपचार पशु चिकित्सा विभाग की टीम के द्वारा किया गया है। इस संबंध में पशु चिकित्सा विभाग व पटियाली तहसील प्रशासन की टीम ने अपनी रिपोर्ट भी तैयार की है। जिसमें गायों की मौत का कारण हीट स्ट्रोक बताया गया है। लोगों के द्वारा पालिका प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़़े किए गए हैं। लोगों गोशाला की अव्यवस्थाएं दूर करने की प्रशासन और नगरपालिका से मांग उठाई है।
चिकित्सकों की टीम ने किया गोवंशों का पेास्टमार्टम
गंजडुंडवारा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के निर्देश पर पशु चिकित्सकों की टीम के द्वारा मृतक गोवंशों का पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मृतक गोवंशों को दफनाया गया।
वर्जन-
- हीट स्ट्रोक के कारण तीन गोवंशों की मौत हुई है। 6 अन्य गोवंश बीमार हैं। जिनका इलाज चिकित्सकों के द्वारा किया गया है। बाकी गोवंश सही स्थिति में हैं। चिकित्सक अन्य गोवंशों की देखरेख कर रहे हैं- विजयवीर चंद्रयाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी।