दो महीने के भीतर संपर्क क्रांति, कर्नाटका, गोवा और प्रयागराज स्पेशल ट्रेनों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। कई यात्रियों ने मुकदमे दर्ज कराए थे। आगरा में जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम खुलासे के लिए लगाई गई थी। रविवार को आगरा कैंट स्टेशन के आउटर से एटा के शातिर अपराधी संतोष यादव को तीन साथियों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने ट्रेनों में हुई चोरियों की बात स्वीकारी।
सीओ जीआरपी हरीशचंद्र ने बताया कि कोतवाली, एटा निवासी संतोष यादव पर एटा में चोरी के सात मुकदमे दर्ज हैं। उसके तीन अन्य साथियों में जलेसर रोड, फिरोजाबाद निवासी विनोद उर्फ रईस, सिकंदरराऊ, हाथरस निवासी संजू यादव और कोटला मंडी समिति फिरोजाबाद निवासी छोटे उर्फ राजकुमार पकड़े गए हैं। इनमें विनोद के विरुद्ध ट्रेनों में चोरी के छह मुकदमे आगरा कैंट जीआरपी थाने में दर्ज हैं।
सनसनीखेज: आगरा में चोरों ने चोरी के बाद ठेकेदार घर में लगाई आग, जेवरात-नकदी और बाइक ले गए
सरगना संतोष ने बताया कि वह ट्रेनों में साथियों के साथ टिकट लेकर सफर करते हैं। इसी दौरान यात्री के सो जाने के बाद उनके बैग व सूटकेस से कीमती सामान उड़ा देते हैं। इनके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत के जेवरात, 26900 रुपये, बैग व सूटकेस खोलने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा गया है।
सह यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखें
आरपीएफ सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार गौतम ने बताया कि अकसर ट्रेनों में यात्रा के दौरान सजग नहीं रहने के कारण सामान चोरी होता है। ऐसे में यात्रा के दौरान किसी सह यात्री से खानपान की चीज नहीं लें। उसकी चाय भी नहीं पिएं। ज्यादा वार्तालाप करके नजदीकी बनाने की कोशिश करे तो बात नहीं करें। सह यात्री की गतिविधियों पर नजर रखें। अपना सामान छोड़कर प्लेटफार्म पर नहीं उतरें। अगर जाएं तो अपने साथी बताकर जाएं।