चुनाव में खलल डालने वालों को भेजा जाएगा जेल
- अर्द्धसैनिक बल के साथ पोलिंग बूथों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। विधानसभा उपचुनाव हर हाल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। यदि कोई चुनाव में विघ्न डालने की कोशिश करेगा तो उसे जेल भेजा जाएगा। शनिवार को सीओ करहल संतोष कुमार सिंह ने अर्द्धसैनिक बल के साथ संवेदनशील पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया।
बरनाहल क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पोलिंग बूथ की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों से संवाद करते हुए पूर्व में हुई घटनाओं आदि के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों से कहा कि सभी को स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अधिकार प्राप्त है। बिना किसी के दबाव, बिना किसी प्रलोभन के मतदान करें। यदि कोई परेशान करता है या अनावश्यक दबाव बनाता है तो उसके बारे में पुलिस को सूचित करें। युवाओं से बातचीत करते हुए कहा कि पोलिंग बूथों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं। यदि कोई चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह से विघ्न डालने की कोशिश करेगा तो उसे जेल भेजा जाएगा। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई अफवाह फैला रहा है तो उसके बारे में पुलिस को सूचना दें। इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवान मौजूद रहे।