आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह प्राइवेट बस ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गई। हादसे में 20 यात्री घायल हो गए। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को अस्पताल भेजा। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसा फिरोजाबाद जिले के थाना नसीरपुर क्षेत्र में हुआ। बिहार से प्राइवेट स्लीपर बस दिल्ली जा रही थी। नसीरपुर के कट से पहले ट्रक ने बस को ओवरटेक किया। अचानक ट्रक के कट मारने के कारण चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया और ट्रक से टकराने के बाद डिवाइडर पर पलट गई।
हादसे के बाद बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। बस के ऊपरी स्लीपरों पर सो रहे यात्री नीचे गिर गए। वे घायल हो गए। यात्री बस के शीशे तोड़ कर बाहर निकल कर भागने लगे। सभी यात्री छठ पूजा के बाद बिहार से दिल्ली अपने काम पर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी, चार एम्बुलेंस, दो पेट्रोलिंग टीम, सेफ्टी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को एम्बुलेंस द्वारा शिकोहाबाद पीएचसी भिजवाया गया। बाद में यूपीडा की टीम द्वारा गंभीर रूप से घायलों को फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया।
हादसे में ये हुए घायल
घायलों में चंदन कुमार (20) निवासी रामवन, प्रकाश कुमार (27) निवासी छपरा शिवहर बिहार, सुनील साह (25) छिवासा बिहार, शिवशंकर (35) प्रेम नगर दिल्ली, राहुल (30) मनोज निवासी सुप्रिया कटरी बिहार, सुरेंद्र (37), विनोद (35) निवासी मोतिहारी बिहार, विक्की (20) निवासी मोतिहारी विहार, शीलेंद्र (40), शैलेंद्र (36), सरिता (40), अनिल (30), शिवरतन (37) पप्पू कुमार (20), राजाबाबू (36), विजय प्रसाद (36), रवी (14), हिमांशू (12), गोविंदपुरी दिल्ली, दिलीप सिंह (35) संध्या (26) हैं।