बेवर। गग्गरपुर नहर पुल के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में घायल एक युवक ने इलाज के दौरान मेदांता हॉस्पीटल में दम तोड़ दिया। इससे पहले दो सगे भाइयों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। चार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
थाना क्षेत्र के गांव अरम सराय निवासी सत्येंद्र सिंह व सुखवीर तीन अप्रैल की रात परिवार के शिवम को बाइक से कस्बा छोड़ने जा रहे थे। दूसरी बाइक से उनके साथ गांव निवासी गीतम व सगे भाई कन्हैया उर्फ कन्हई व श्याम भी थे। दोनों बाइकों को गग्गरपुर नहरपुल के पास ट्रक ने टक्कर मार दी थी। बुलट सवार शिवम गुप्ता निवासी पुराना बाजार भी ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था।
हादसे में सगे भाई श्याम व कन्हैया उर्फ कन्हई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। दोनों को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं चार घायलों का इलाज चल रहा था। बुधवार की रात मेदांता हॉस्पीटल गुडग़ांव में शिवम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मरने वालों की संख्या अब तीन हो गई है।