मुख्यमंत्री शहरी सड़क उन्नयन योजना (सीएम ग्रिड) के तहत शहर की चार प्रमुख सड़कों के कायाकल्प के लिए नगर निगम ने तीसरी बार री-टेंडर आमंत्रित किए हैं। चीफ इंजीनियर की ओर से जारी इस निविदा के तहत कुल चार पैकेजों पर काम होना है।
जिन सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया है, उनसे हर दिन करीब पांच लाख लोग आवागमन करते हैं। पंद्रह महीने में इन सड़कों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दरअसल, सरकार ने चार सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने के लिए चयनित किया था। इसके लिए करीब दो सौ करोड़ रुपये खर्च होने थे।
योजना में मारुति एस्टेट क्रॉसिंग से हनुमान मंदिर 100 फीट रोड (1.64 किमी), इंदिरापुरम क्रॉसिंग से एकता पुलिस चौकी रोड (1.57 किमी), जेसीबी शोरूम से शास्त्रीपुरम क्रॉसिंग रोड (2.2 किमी) और एत्माद्दौला से शहादरा चुंगी नुनिहाई रोड (1.6 किमी) का उन्नयन और विकास शामिल है। ठेकेदारों को निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अगले 5 वर्षों तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी। 16 जून को लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित यूरीडा कार्यालय पर एक प्री-बिड बैठक होगी, जहां तकनीकी पहलुओं पर चर्चा होगी।
सभी योग्य फर्मों और ठेकेदारों को अपने ई-बिड ऑनलाइन जमा करने के लिए 1 जुलाई तक का समय दिया गया है। उसी दिन दोपहर 3 बजे इन टेंडरों को खोला जाएगा। मुख्य अभियंता सिविल अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले दो बार टेंडर में तीन से कम आवेदन आने की वजह से पुन: टेंडर कराया गया है। तीसरी बार सिंगल आवेदन आने पर भी टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर अन्य औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।