नोटबंदी के एलान के बाद जिसने भी कार खरीदी है और अगर इसका भुगतान थर्ड पार्टी चेक से किया गया है तो वही कार अब उनके लिए परेशानी का सबब बन सकती है। आयकर विभाग ने थर्ड पार्टी चेक से कार खरीदने वालों का पूरा ब्योरा ऑटोमोबाइल शोरूम से मांगा है। इस निर्देश के बाद शोरूम संचालकों में हड़कंप है।
नोटबंदी के बाद कारों की मांग में ज्यादा कमी नहीं आई है। आंकड़ों की समीक्षा के बाद आयकर विभाग ने सभी शोरूम संचालकों को निर्देश दिए हैं कि आठ नवंबर के बाद कार खरीदने वालों के भुगतान का ब्योरा दिया जाए। कुछ चुनिंदा शोरूम संचालकों ने जो ब्योरे दिए हैं, उनमें खासतौर पर 10 लाख से ज्यादा महंगी कार खरीदने वालों के थर्ड पार्टी पेमेंट पाए गए हैं। एसयूवी और लग्जरी कारों को खरीदने के कई मामलों में चेक थर्ड पार्टी का उपयोग हुआ है। ऐसे में चेक जारी करने वालों के खातों की भी जांच शुरू हुई है। विदेशी कार कंपनियों के शोरूमों से लिस्ट अब तक विभाग को नहीं मिली है।
नियम वापस, लेकिन भीड़ गायब
रिजर्व बैंक ने बुधवार दोपहर अधिसूचना जारी कर 5000 रुपये से ज्यादा की रकम जमा करने पर वजह बताने की बाध्यता को वापस ले लिया। इससे पहले बुधवार सुबह इस नियम के चलते बैंकों के बाहर भीड़ कम रही। जो लोग बैंक शाखाओं में बंद नोट जमा कराने के लिए पहुंचे भी, वे दो अधिकारियों के हस्ताक्षर और वजह पूछते ही लौट गए। स्टेट बैंक आफ इंडिया की बोदला, सदर, छीपीटोला, केनरा बैंक की खंदारी, नेहरू नगर, आवास विकास कालोनी ब्रांच में ग्राहक एक चौथाई भी नजर नहीं आए। जिन बैंकों में एक महीने से लंबी कतारें दिख रही थीं, वहां दर्जन भर लोग भी बैंक के अंदर नहीं मिल पाए। दोपहर में रिजर्व बैंक के यूटर्न लेने के बाद गुरुवार को बैंकों में बंद नोट जमा कराने वालों की तादाद बढ़ सकती है।
500 के नोट की अब बढ़ेगी सप्लाई
बैंकों में छोटी मुद्रा के जमा होने का आंकड़ा नोटबंदी के दौरान बढ़ा है। बैंकों में कैश निकासी करने वालों की भीड़ कम हुई है, लेकिन एटीएम पर भीड़ बरकरार है। दरअसल, कामकाजी लोगों के लिए सुबह 10 से 5 बजे तक आफिस में रहने के बाद केवल एटीएम ही कैश का जरिया हैं। ऐसे में बैंक अब एटीएम पर फोकस कर रहे हैं। शाखाओं से 2000-100-50 और 20 के नोट दिए जा रहे हैं तो एटीएम से 500 रुपये का नोट देने की तैयारी है। शुक्रवार तक आगरा में 500 रुपये के नए नोटों की बड़ी खेप आ रही है। रिजर्व बैंक ने सरकारी बैंकों के साथ प्राइवेट बैंकों को एटीएम में कैश उपलब्ध कराने की हिदायत देते हुए कैश भेजा है। इनमें 500 के नोटों की गड्डियां ज्यादा हैं।