चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान देखती महिला
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र के गांव हसनपुर में बृहस्पतिवार रात चोरों ने रिटायर्ड फौजी और किसान के घर को निशाना बनाया। चोर दोनों घरों से करीब 20 लाख रुपये नकदी और जेवरात चुरा ले गए। चोरी की वारदात की सूचना के बाद भी नौहझील पुलिस नहीं पहुंची। इस पर लोगों ने रोष जताया।
रात चोरों ने गांव हसनपुर में रिटायर फौजी शंकरलाल हवलदार और सतवीर सिंह उर्फ सत्तो चौधरी के घर को निशाना बनाया। वारदात की रात शंकरलाल मथुरा थे। घर पर उनका पुत्र सौरभ व पुत्रवधू थी, जो एक कमरे में सोए थे। चोरों ने सौरभ के कमरे में बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद दूसरे कमरे में रखी अलमारी से 2.65 लाख रुपये की नकदी और सात लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए।
पास में ही सतवीर सिंह के घर को चोरों ने निशाना बनाया। परिवार के संग 4 मई को बाबा जाहरवीर के दर्शन करने गए सतवीर की पुत्रवधू मंजू व छोटे-छोटे बच्चे घर में अकेले थे। वारदात के बाद दोनों घरों में सन्नाटा छाया हुआ है। चोर यहां से करीब 8 लाख रुपये के जेवरात और 8 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए। सूचना के बाद भी नौहझील पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।