आगरा में लोहामंडी थाना क्षेत्र के अहीरपाड़ा में श्रीजी बैंड के संचालक मुनेश शर्मा के घर में लाखों की चोरी हो गई। चोर उनका लाइसेंसी रिवाल्वर भी चोरी कर ले गए। मुनेश कुमार राम बारात में बैंड बजा रहे थे, जबकि उनके परिजन फुलट्टी स्थित पुश्तैनी मकान में राम बारात देख रहे थे। इधर अहीरपाड़ा का मकान चोरों ने साफ कर दिया।
घटना पांच अक्तूबर की रात की है। मुनेश ने लोहामंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, इसमें बताया है कि चोर लाइसेंसी रिवाल्वर, 25 कारतूस, सोने-चांदी के जेवरात, 90 हजार रुपया कैश चोरी कर ले गए।
उन्हें रात में सवा तीन बजे पड़ोसी अभिषेक जैन ने फोन से बताया कि उनके घर का कुंडा टूटा पड़ा है और दरवाजा खुला है। वह पहुंचे तो वहां से सामान चोरी हो चुका था। घर में अलमारी खुली थीं। चोरों ने पूरा घर खंगाल रखा था।
पुलिस का कहना है कि चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। सबसे पहले यह मालूम करने की कोशिश है कि चोरों तक यह खबर कैसे पहुंची कि मुनेश शर्मा और उनका पूरा परिवार घर पर नहीं है।