पटियाली। क्षेत्र के गांव श्रीनगला में अज्ञात चोरो ने एक घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखी 70 हजार रुपये की नकदी सहित लगभग दो लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए।
श्रीनगला निवासी राम खिलाड़ी के परिजन रात को घर की छत पर सो रहे थे। देर रात चोर घर में घुस आए। चोरों ने घर में रखे 70 हजार रुपये की नकदी के अलावा 2 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए। तड़के तीन बजे राम खिलाड़ी की पत्नी मायादेवी लघुशंका जाने के लिए छत से उतर कर नीचे आई तो दरवाजा खुला देखकर दंग रह गई। उन्होंने चीख पुकार मचा दी।
परिजन ने कमरो में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखी नकदी आभूषण गायब मिले। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। राम खिलाड़ी की बेटी सोना की अगले माह शादी होनी है। घर में तैयारियां चल रही थी। चोरी की इस घटना से परिजन की चिंता बढ़ गई है। मायादेवी ने बताया कि चोर नकदी, आभूषण के अलावा बर्तन, कपड़े भी चोरी कर ले गए।