पिनाहट। थाना क्षेत्र के गांव नगला दलेल में सोमवार की रात छत के रास्ते से घर में घुसकर चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण सहित नकदी को चोरी कर लिया। मामले में जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव नगला दलेल निवासी शिशुपाल ने मंगलवार को पुलिस को बताया कि रविवार को वह अपनी पुत्री को दवा दिलवाने के लिए आगरा गया था। घर पर मां संतो देवी अकेली रह गई थी। घर के बाहर रात में टीन शेड में सो रही थी। रात में छत के रास्ते से घर के अंदर घुस गए घर में बक्से की कुंडी तोड़कर उसमें रखी दो जोड़ी पाजेब, 4 जोड़ी बिछुआ,जंजीर, करधनी, एक जोड़ी कुंडल, एक मंगलसूत्र और 25 हजार रुपये नकदी पार कर दी। दूसरे दिन सुबह चोरी की जानकारी होने पर डायल 112 पीआरवी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली थी। मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।