कासगंज। नगर के सूत की मंडी इलाके में चोरों ने एक दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वहीं उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार चोरों ने काट दिए। सीसीटीवी फुटेज चोर नकाबपोश थे और वे कैमरे में कैद हो गए। वारदात को रात 1 बजे के बाद चोरों ने अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश चोर दिखाई दिए। पुलिस इन फुटेज के माध्यम से चोरों का पता लगा रही है।
चोरी की वारदात को चोरों ने मेसर्स अग्रवाल ट्रेडर्स की दुकान पर अंजाम दिया। चोरों ने छत के रास्ते से लोहे का जाल काटकर दुकान में प्रवेश किया। चोरों ने दुकान में घुसकर दुकान के काउंटर के लॉक तोड़े और कैश बॉक्स को खंगाला। कैश बॉक्स में कुछ छुट्टे रुपये ही पड़े थे। चोरों ने कैश बॉक्स से नकदी व कुछ कागजात भी चोरी कर लिए। इसके अलावा दुकान में लगा एलईडी टीवी चोरी कर ली। दुकान में चोरों ने जूस के पैकेट खोलकर पीए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इससे पूर्व चोरों ने राज मोबाइल कम्युनिकेशन के यहां वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। यहां गली में लगे दर्जन भर सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। जिससे चोर सीसीटीवी कैमरे में न आ सकें, लेकिन चोरों का यह मंसूबा धरा रह गया। उनके फोटो सीसीटीवी में कैद हो गए। राज मोबाइल के संचालक ने चोरों के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। जिससे चोरों की शिनाख्त हो सके। कोतवाली प्रभारी वीपी गिरी मौके पर आए। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखे और चोरी के मौके का निरीक्षण किया। चोरी की वारदात की प्राथमिकी पुलिस ने दर्ज कर ली है।
- पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिनाख्त कराई जा रही है। वारदातों को रोकने के लिए पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। वीपी गिरी, इंस्पेक्टर