मथुरा शहर के पॉश क्षेत्र डैंपियर नगर की कृष्णकुंज कॉलोनी में व्यापारी की कोठी में रेलिंग काटकर घर में घुसे चोर अलमारी को चुरा ले गए। इसमें करीब आठ लाख रुपये की नकदी, जेवरात और जरूरी कागजात थे। अलमारी को पास में ही रेलवे लाइन पर फेंक गए। कोतवाली पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाकर रेलवे लाइन के पास से अलमारी बरामद कर ली है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मिनरट वॉटर की फैक्टरी
कृष्णकुंज कॉलोनी निवासी संजय कुमार अग्रवाल की मिनरल वाटर की फैक्टरी है। रविवार देर रात चोर उनकी कोठी में पहली मंजिल से रेलिंग काटकर घुसे। यहां रखी अलमारी को चुरा ले गए। इसका पता सोमवार की सुबह उठे व्यवसायी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देखा तो दंग रह गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई। आसपास तलाशी ली तो रेलवे लाइन के पास अलमारी मिली। पुलिस ने अलमारी कब्जे में ले ली। व्यापारी का कहना है कि उनके घर की पहली मंजिल के ऊपर लगी रेलिंग को काटकर घुसे चोर अलमारी से करीब तीन लाख रुपये की नकदी, पांच लाख रुपये के जेवरात और जरूरी कागजात चुरा ले गए हैं। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
दहशत में लोग, पुलिस पूरी तरह फेल: नरेंद्र सिंह
पॉश एरिया डैंपियर नगर में व्यवसायी की कोठी में चोरी से हर कोई दहशत में है। यहां के लोग डरे और सहमे हैं। चोरी की सूचना पर पहुंचे पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग ने पुलिस अफसरों को जल्द खुलासे के लिए कहा। उधर, रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह का कहना है कि यह डकैती की वारदात है। पुलिस केवल चोरी में दर्ज करके इतिश्री कर रही है। योगी सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो रही है। लगातार डकैती और लूट की वारदातों से जनपद दहला हुआ है। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह का कहना है कि चोरी की घटना हुई है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। कोतवाली पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों तक पहुंचने में जुटी हुई है।