राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर लगीं स्ट्रीट लाइटें चोरों के निशाने पर हैं। चोर आईएसबीटी फ्लाईओवर के बीच में लगीं 22 स्ट्रीट लाइट चोरी कर ले गए। मामले में दो थानों में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एक वर्ष पहले आईएसबीटी फ्लाईओवर शुरू हुआ था। इसके दोनों तरफ विशेष स्ट्रीट लाइट लगवाई गई थीं, जिससे दुर्घटना न हों। 18 सितंबर को एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम गश्त पर थी। आईएसबीटी पर अंधेरा पड़ा था। टीम को स्ट्रीट लाइटें चोरी मिलीं। इसकी शिकायत पुलिस से की। जिस जगह पर चोरी हुई, वह क्षेत्र दो थानों न्यू आगरा और हरीपर्वत में आता है। इसलिए दोनों थानों में 11-11 स्ट्रीट लाइटें चोरी होने की तहरीर दी गई। चोर 22 स्ट्रीट लाइटें खोलकर चोरी कर ले गए हैं। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। चोरों की पहचान की जा रही है।
20 से 30 फुट ऊंचाई पर थीं
पुलिस को आशंका है कि स्ट्रीट लाइट चोरी करने के लिए चोर पूरी तैयारी करके आए होंगे। क्योंकि स्ट्रीट लाइट तकरीबन 20 से 30 फुट से अधिक की ऊंचाई पर थीं। इन लाइट को बड़ी सीढ़ी मदद से ही खोला जा सकता है। चोरों ने खुद को कर्मचारी बताया होगा, तभी तो किसी को शक भी नहीं हुआ।
राजमार्ग पर हादसों का खतरा
राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंधेरे की वजह से हादसों का भी खतरा बना हुआ है। आईएसबीटी पर जब फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा था, तब अंधेरे की वजह से एक युवक की जान चली गई थी। वह निर्माणाधीन फ्लाईओवर की तरफ बाइक लेकर चला गया था और पुल से नीचे गिर गया था।
सदर में सक्रिय था गैंग
एक साल पहले सदर क्षेत्र में माल रोड पर लगीं स्ट्रीट लाइट चोरी की गई थीं। एक गैंग कर्मचारी बनकर वारदात को अंजाम देता था। वह सुबह होने से पहले लाइट चोरी करते थे। पुलिस ने गैंग को पकड़कर खुलासा किया था। पूर्व में भी स्ट्रीट लाइट चोरी करने वाले चोर पकड़े जा चुके हैं।