वह पॉश कॉलोनियों में घूमता रहता है। महंगी साइकिल को मौका देखकर उठा ले जाता है। अब तक 25-30 साइकिल चोरी कर चुका है। हाल ही में कमला नगर में दो जगह से साइकिल चोरी की थी। दोनों साइकिल बरामद हो गईं। इनके मुकदमे भी पुलिस ने दर्ज कर रखे थे। पुलिस ने दोनों पीड़ितों को बुलाकर साइकिल दे दी। साइकिल मिलने से बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
दवा की जरूरत थी तो चोरी करने लगा
पुलिस ने बताया कि दीपक का एक साल पहले एक्सीडेंट हो गया था। दीपक के अनुसार, पेट में चोट की दवा के लिए रुपयों की जरूरत थी। साइकिल चोरी करने लगा। साइकिल का ताला आसानी से खोल लेता था।
लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार
थाना रकाबगंज पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गैंग एक्टिवा से लूट करता था। नंबर प्लेट पर सफेद कागज लगा देते थे, जिससे लोग यही समझते थे कि नंबर प्लेट नहीं है। लूट के बाद कागज हटा देते, जिससे पुलिस चेकिंग में नहीं पकड़ पाती थी। इन दिनों बारिश की वजह से कागज हट गया। इससे पकड़े गए।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि आरोपी पुरानी मंडी निवासी विकास, नाला मंटोला निवासी शुभम और सोहल्ला निवासी राजा हैं। उनसे चार मोबाइल, रुपये, चाकू बरामद हुए हैं।
तीनों ने तीन अगस्त को रकाबगंज स्थित सुनार गली के पास एक व्यक्ति से मोबाइल और 500 रुपये लूटे थे। तब उनकी एक्टिवा पर लगा कागज बारिश की वजह से हट गया। पीड़ित व्यक्ति ने एक्टिवा का नंबर देख लिया और पुलिस को सूचना दे दी। तीनों आरोपी पकड़ लिए गए।