होली से पहले मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। वहीं इन पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य विभाग ने कमर कस ली है। आगरा में खाद्य विभाग ने मिलावटी और खराब बर्फी, मिल्क केक पकड़ा, जिसे नष्ट करा दिया गया।
खाद्य विभाग ने मिलावटी और खराब बर्फी, मिल्क केक पकड़ा है। इसमें दुर्गंध आ रही थी। खुशबू वाला एसेंस डालकर इसे बेचा जा रहा था। सेहत के लिए असुरक्षित देखते हुए टीम ने इसे नष्ट कराया। जांच के लिए नमूने लेकर विक्रेताओं को नोटिस दिया है।
विज्ञापन
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि भोगीपुरा गुलाब नगर स्थित मां कमला फूड्स पर छापे में डोडा बर्फी और मिल्क केक घटिया मिले, जिसमें दुर्गंध थी। टीम ने 119 किलो मिल्क केक और 90 किलो डोडा बर्फी नष्ट कराया। इनकी कीमत 60 हजार रुपये है। धिमश्री स्थित अनिल स्वीट्स से टीम को खोआ की बर्फी घटिया मिली। यहां 8750 रुपये कीमत के 25 किलो बर्फी को मौके पर नष्ट कराया गया। विक्रेताओं को नोटिस दिए गए हैं और नमूने भरे गए हैं। सहायक आयुक्त द्वितीय ने बताया कि राजस्थान से मिलावटी-नकली खोआ और पनीर आ रहा है। टीम भी सक्रिय कर दी है।
किडनी-लिवर, मधुमेह का खतरा
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मिलावटी और खराब मिठाई से पेट में अल्सर, फूड पॉयजनिंग हो रही है। लंबे समय तक उपयोग करने से किडनी, लिवर, हृदय रोग की परेशानी के साथ मधुमेह का खतरा रहता है।