-रोडवेज बस के ब्रेक फेल होने के बाद धक्का लगाते यात्री
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। रोडवेज बस स्टैंड पर शुक्रवार की सुबह एक अनुबंधित बस के ब्रेक फेल हो जाने से अफरा तफरी मच गई। अनियंत्रित बस सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई। चालक ने किसी तरह बस पर नियंत्रण किया। बाद में बस में धक्का लगाकर बस को बस स्टैंड परिसर में खड़ा कराया गया।
शुक्रवार की सुबह नौ बजे मैनपुरी डिपो की अनुबंधित बस संख्या यूपी84टी/5036 में चालक कानपुर जाने के लिए सवारी बिठा रहा था। अचानक बस के ब्रेक फेल हो जाने से बस चल दी। चालक ने बस रोकने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित बस सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई। खड़ी बस के अचानक चलने से बस स्टैंड परिसर में अफरा तफरी मच गई। बस स्टैंड परिसर में मौजूद लोग इधर उधर भागने लगे। चालक ने बस पर किसी तरह नियंत्रण किया। बाद में स्टाफ के लोगों और सवारियों ने बस में धक्का लगाकर बस को बस स्टैंड परिसर में खड़ा कराया। बस के ब्रेक सही कराने के बाद चालक लगभग 9.30 बजे सवारियों को लेकर कानपुर के लिए चला गया।