Agra: South Indian actor Ganesh Venkatraman visits the Taj Mahal, in Agra, Saturday, Dec. 27, 2
आगरा। ताजमहल पर शनिवार को सैलानियों का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब 49 हजार पर्यटकों ने ताजमहल पर टिकट खरीदा। ताज पर 15 वर्ष से कम उम्र के लोगों को नि:शुल्क प्रवेश की व्यवस्था है। ऐसे में करीब 60 हजार सैलानी शनिवार को ताज पहुंच गए। इस वजह से टिकट के लिए पूर्वी और पश्चिमी टिकट खिड़कियों पर मारामारी मची रही। ऑनलाइन टिकट नेटवर्क की दिक्कत के कारण बुक नहीं हो पाए, इस वजह से काउंटर पर ही कतार में लगकर एक से डेढ़ घंटे में टिकट मिल पाया।
शनिवार को ताजमहल पर 48594 पर्यटकों ने टिकट खरीदे। भारतीय 45086, विदेशी 3259, सार्क 238 और बिम्सटेक देशों के 11 सैलानी शामिल हैं। साल के आखिरी सप्ताह पर टिकट लेने से लेकर प्रवेश तक पर्यटकों को डेढ़ से दो घंटे तक का इंतजार करना पड़ा। दिल्ली से आए पर्यटक संदीप आहूजा ने बताया कि ऑनलाइन टिकट नेटवर्क की समस्या के कारण बुक नहीं हो पाई। उसके बाद उन्हें ऑफलाइन टिकट के लिए लाइन में लगना पड़ा। कानपुर के सुमित ने बताया कि अमानती घर में सामान जमा करने के लिए घंटों इंतजार करना करना पड़ा। अगर भीड़ ज्यादा होती है, तो और काउंटर खोलने चाहिए। भीड़ के कारण पूर्वी गेट पर पर्यटकों को गोल्फ कार्ट के लिए परेशान होना पड़ा।
अभिनेता गणेश वेंकटरमन ने देखा ताज
तमिल और तेलगू सिनेमा के अभिनेता गणेश वेंकटरमन ने शनिवार को ताजमहल का दीदार किया। वह दोपहर में ताजमहल आए और सेंट्रल टैंक पर फोटो खिंचवाया। दक्षिण भारतीय पर्यटकों ने जैसे ही उन्हें पहचाना, उनके पास ऑटोग्राफ लेने और सेल्फी खींचने के लिए दौड़ लगा दी। उन्होंने सभी के साथ फोटो खिंचवाए और ताज को बेहद खूबसूरत बताया। वर्ष 2003 में मिस्टर इंडिया चुने गए गणेश ने वर्ष 2008 में फिल्म अभियुम नानुम से कॅरिअर की शुरूआत की थी।
Agra: South Indian actor Ganesh Venkatraman visits the Taj Mahal, in Agra, Saturday, Dec. 27, 2