कुसमरा चौकी क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति की पुत्री की बारात बुधवार को जनपद इटावा के सैफई थाना क्षेत्र के एक गांव से आई थी। बरात गांव पहुंचने पर खूब आवभगत की गई। दुल्हन पक्ष ने पुलिस को बताया कि जयमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ तो दूल्हा स्टेज पर कुछ लड़खड़ाया। इस पर दुल्हन ने कुछ खास ध्यान नहीं दिया।
ये भी पढ़ें-
UP: कमरे में मिले दंपती के शव, बिलख रही थी 20 दिन की बेटी; मौत से पहले वीरू ने व्हाट्सएप पर इन्हें भेजी ऑडियो
मगर, जब दूल्हा जयमाला डालने के लिए पास आया तो उसके मुंह से शराब की दुर्गंध आ रही थी। उसने गाली-गलौज भी की। इसी बात पर दुल्हन पीछे हट गई और शराबी के साथ शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इधर, लड़की की न सुनकर वहां मौजूद रिश्तेदार व अन्य लोग सन्न रह गए।
सभी ने दुल्हन को समझाने का प्रयास किया। मगर, दुल्हन अपनी जिद पर अड़ी रही। इसके बाद घराती और बराती पक्ष के लोगों के बीच कई घंटों तक पंचायत चली। सभी ने जब दुल्हन की रजामंदी के बारे में पूछा तो उसने साफ कह दिया कि वह किसी शराबी के साथ जीवन नहीं बिता सकती। लड़के पक्ष की ओर से पुलिस बुला ली गई।
ये भी पढ़ें-
UP: बड़ी बेटी से दुष्कर्म, बेटे की हत्या...पीड़ित मां का दर्द सुन महिला आयोग अध्यक्ष ने लगाई पुलिस को फटकार
मगर, दुल्हन के इंकार के आगे पुलिसकर्मी भी कुछ न कह सके। दोनों पक्ष के लोग चौकी पर भी पहुंचे। वहां पर भी बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला। आखिरकार दूल्हा बिना दुल्हन के ही बरात लेकर घर वापस लौट गया। इधर, दुल्हन पक्ष के लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दूल्हा पक्ष की उन्होंने सभी मांगों को पूरा किया। मगर, वह दुल्हन के लिए कपड़े और जेवर भी घटिया किस्म के लेकर आए थे।