टोल को लेकर कर्मियों और बरातियों के बीच जमकर हुई मारपीट
- लूट का लगाया आरोप, पुलिस दोनों पक्ष की तहरीर पर कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। नवीगंज टोल प्लाजा पर शुक्रवार की देर शाम टोल को लेकर बरातियों और कर्मियों के बीच विवाद होने पर जमकर मारपीट हुई। पुलिस मौके पर आ गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लूट करने के आरोप लगाए। पुलिस ने शिकायतों पर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
थाना बिछवां क्षेत्र निवासी शिवम गुप्ता शुक्रवार की देर शाम परिवार के साथ नवीगंज के पास अंजनी गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। नवीगंज टोल प्लाजा पर कार निकालने के लिए टोलकर्मी को 500 रुपये दिए। आरोप है कि जब बाकी रुपये वापस मांगे तो वहां मौजूद 25-30 कर्मियों ने आकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि पीटने के साथ कर्मियों ने चाची सीता व अन्य से सोने की चैन, मोबाइल और नकदी लूट ली।
दूसरे पक्ष से टोलकर्मी सनोज कुमार निवासी पुरैया ने तहरीर दी। आरोप लगाया कि बरातियों की ओर से आए वाहनों में सवार एक व्यक्ति ने खुद को किसान यूनियन का नेता बताया। उनके साथ एक बस और 10 कारें भी थी। वह बोले-सभी वाहनों से टैक्स नहीं लेना है। कर्मचारी ने जब ऐसा करने से मना किया तो कार सवार लोगों ने पीटना शुरू कर दिया। एक कर्मी की चेन तोड़ ली और नकदी छीन ली गई। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। पुलिस ने मारपीट और लूट के आरोपों के बीच सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। नवीगंज चौकी इंचार्ज नीलकमल ने बताया कि गाड़ी निकालने को लेकर दोनों पक्ष के बीच मारपीट हुई है। जांच कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।