अमांपुर। कस्बे के उप डाकघर में पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। यहां लगा एक निजी हैंडपंप भी एक वर्ष से खराब है। ऐसे में यहां पहुंचने वाले खाता धारकों और अन्य लोगों को प्यास बुझाने में दिक्कतें होती हैं।
कस्बा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से डाक टिकट, पोस्टल आर्डर, खाताधारक और आधार कार्ड बनवाने संबंधित कार्य के लिए आसपास के क्षेत्र के लोग डाकघर आते है। इन दिनों गर्मी और तेज धूप से लोग परेशान हैं। ऐसे में उप डाकघर पर पहुंचने वाले लोगों को प्यास लगने पर खासी परेशानी होती है। यहां कोई सरकारी हैंडपंप नहीं हैं। निजी हैंडपंप भी एक वर्ष से खराब है। आसपास कोई हैंडपंप या वाटर कूलर आदि न होने से गर्मी में लोगों परेशान होते हैं। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से एक हैंडपंप लगवाए जाने और एक वाटर कूलर भी रखवाने की मांग की है। जिससे डाकघर पर आने वाले लोगों, स्थानीय दुकानदरों तथा राहगीरों को भी गर्मी में शीतल जल मिल सके। मांग करने वालों में डाकपाल नईम, वीरपाल यादव, राकेश पाराशर, सुनील गुप्ता, धीरज गुप्ता, सत्यप्रकाश सोलंकी, विजयप्रकाश गुप्ता, मनोज गुप्ता आदि शामिल हैं।