आगरा में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उस समय खड़े हो गए, जब चौकी से कुछ ही कदमों की दूरी पर चोरों ने पेंट और इलेक्ट्रोनिक शोरूम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से व्यापारियों में आक्रोश है।
आगरा के हरीपर्वत थाने की विजय नगर पुलिस चाैकी के पास सुल्तानगंज पुलिया स्थित पेंट और इलेक्ट्राॅनिक के शोरूम को चोरों ने निशाना बनाया। 1.20 लाख से अधिक की नकदी चोर ले गए। 3 चोर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिख रहे हैं। पुलिस इनकी पहचान में जुटी है।
विज्ञापन
दीप अपार्टमेंट, कमला नगर निवासी पार्षद मुरारीलाल अग्रवाल का सुल्तानगंज पुलिया पर पेंट एंड हार्डवेयर का शोरूम है। उन्होंने बताया कि वह बुधवार रात 9:30 बजे शोरूम बंद करके गए थे। बृहस्पतिवार सुबह आए तो शोरूम में सामान बिखरा था। चोरों ने काउंटर में रखे 70 हजार रुपये, चांदी के सिक्के चोरी कर लिए।
चोरों ने बराबर की विजय नगर काॅलोनी निवासी राजीव शर्मा के राज इलेक्ट्राॅनिक शोरूम में भी चोरी की। उनके यहां से 50 हजार रुपये ले गए। चोर बगल की बिल्डिंग से सीढि़यों से चाैथी मंजिल पर आए थे। एक खिड़की को तोड़ने के बाद दोनों शोरूमों में प्रवेश किया। पूर्व में भी दुकान और शोरूम में चोरी हो चुकी है। पुलिस चाैकी के पास चोरी से लोगों में दहशत है।