बैंक कैशियर के घर हुई चोरी का खुलासा
एक आरोपी गिरफ्तार, जेवर नकदी हुई बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के खरगजीत नगर में रहने वाले एक बैंक कैशियर के मकान से चोरी करने वाले चोर को रेलवे गेट चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का माल भी बरामद हुआ। शनिवार को चोर को न्यायालय में पेश किया। वहां से जेल भेजा गया है।
मोहल्ला खरगजीत नगर में परिवार के साथ रह रहे आईसीआईसीआई बैंक के कैशियर मुकेश वर्मा के घर मेंं दो सितंबर की रात चोरी की वारदात हुई थी। चोर घर से एलईडी, डिश बॉक्स, अंगूठी, पायल नकदी आदि चोरी कर ले गए थे। रेलवे गेट चौकी पुलिस ने शनिवार को चोरी की घटना का खुलासा किया। चौकी इंचार्ज रेलवे गेट विपिन तोमर ने बताया कि मोहल्ले के ही रहने वाले हिमांशू उर्फ पीयूष उर्फ भांजा ने अपने एक साथी रामू निवासी काशीराम कालोनी के साथ मिलकर चोरी की थी।
हिमांशू को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अंगूठी, पायल, बिछिया, खडुआ, एलईडी, डिश बॉक्स, 5200 रुपये की नकदी आदि बरामद हुए। चोर ने वारदात करना भी कबूल किया। वांछित रामू को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेजा गया है।