मैनपुरी। नगला धीप घिरोर निवासी एक कथा वाचक के शहर स्थित घर से लाखों रुपये के जेवर नकदी आदि चोरी कर लिए गए। शिकायत दर्ज नहीं किए जाने के बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली थी। न्यायालय के आदेश पर बुधवार को कथा वाचक दो नामजद सहित तीन लोगों के विरुद्ध मुकदम दर्ज कराया है। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
थाना घिरोर क्षेत्र के गांव नगला धीप कथा वाचक जय विष्णु उर्फ भोले शास्त्री वर्तमान में ब्योंती खुर्द के पास एक किराए के मकान में रह रहे हैं। जून में वह कथा कहने के लिए जैथरा गए हुए थे। 26 जून को जब वह घर वापस लौटे तो मकान मालिक ताराचंद्र व अन्य लोगों ने बताया कि रवी, रामनाथ व एक अन्य व्यक्ति उनका सामान चोरी कर ले गए। कथा वाचक ने पुलिस को बताया कि चोर एक सोने की चेन, 5 अंगूठी घरेलू सामान आदि चोरी कर ले गए। उसने कोतवाली में भी शिकायत दी थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। न्यायालय के आदेश पर बुधवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।