मैनपुरी जनपद के कुरावली नगर कस्बे में घिरोर मार्ग पर स्थित सराफा दुकान में शनिवार रात नकब लगाकर चोरों ने करीब 15 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। रविवार सुबह दुकान मालिक को वारदात की जानकारी हुई।
सूचना पर एएसपी ने थाना पुलिस और डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक टीम के साथ छानबीन की। दुकान के पास ही रहने वाले तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
घिरोर रोड निवासी अनुज कुमार राठौर पुत्र कृपाल सिंह राठौर मकान के सामने ही कुशाग्र साड़ी एंड ज्वैलर्स के नाम से सोने, चांदी और कपड़े की दुकान किए हुए हैं। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। साथ ही दुकान में लिंटर के पास नकब लगा हुआ था। चोरी की जानकारी होते ही उन्होंने परिजनों के साथ ही पुलिस को सूचना दी।
एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ करहल अशोक कुमार, सीओ भोगांव प्रयांक जैन, प्रभारी निरीक्षक कुरावली शिव कुमार चौहान ने डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने दुकान के पीछे ही रहने वाले तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
वहीं चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और व्यापारी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने पुलिस ने जल्द से जल्द खुलासे की मांग की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ये सामान हुआ चोरी
दुकानदार अनुज कुमार के अनुसार चोर दो सौ ग्राम सोने के जेवर, आठ किलो चांदी, 50 हजार नकद, एक लाख रुपये का कपड़ा सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
चोरी की जानकारी होने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छानबीन की। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द से जल्द से वारदात का खुलासा करके चोरों को जेल भेजा जाएगा। ओमप्रकाश सिंह, एएसपी।