कासगंज के गंजडुंडवारा के ग्राम मस्तीपुर में चोरी की घटना के बाद खुला बक्सा व विखरे पड़े कपड़े।
- फोटो : KASGANJ
गंजडुंडवारा। क्षेत्र के ग्राम मस्तीपुर में रविवार की रात्रि चोरों ने तीन मकानों के ताले तोड़कर चोरी कर ली। परिवारीजन मकानों की छत पर सोते रहे और चोर मकान खंगाल कर उसमें रखी 10.4 लाख रुपये की नकदी व आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। इन मामलों में तहरीर पुलिस को दी गई है।
गांव मस्तीपुर निवासी प्रेम कुमारी पत्नी सतेंद्र, संतोष कुमार गर्मी के कारण परिवार सहित अपने मकान की छतों पर सो रहे थे। जब वह गहरी नींद में थे तो दो मकानों का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश कर गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के भी ताले तोड़ दिए। चोर अलमारी व बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। जब दोनों ही परिवार के लोग सुबह उठे तो उनके मकान में सामान बिखरा था। बक्से खुले पड़े थे। प्रेम कुमारी ने बताया कि चोर उनके मकान से 50 हजार की नकदी, सोने का हार, झाले, तीन अंगूठी, तीन जोड़ी पायल, व 4 चांदी के सिक्के आदि चोरी कर ले गए हैं। संतोष कुमार ने बताय कि चोर उनके मकान से 90 हजार की नकदी, हार, दो चेन, मंगलसूत्र, चार चूड़ी, सुईधागा, दो जोड़ी पायले, चार अंगूठी आदि चोरी कर ले गए हैं।
इसके अतिरिक्त बृजपाल के मकान में भी चोरों ने चोरी की। उसके मकान से चार पहिया वाहन की खरीदारी के लिए रखे नौ लाख रुपये की नकदी, हार, कुंडल, एक जोड़ी पायल, 2 अंगूठी, आदि चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना पर पुलिस ने तीनों स्थानों पर पहुंचकर मुआयना किया। कोतवाली प्रभारी अनूप भारती ने कहा कि चोरी की तहरीर अभी नहीं मिली हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।