आगरा। गलत रोल नंबर का नकली प्रवेशपत्र लेकर आगरा कॉलेज में होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए कुरावली, मैनपुरी के करन गुप्ता की गुत्थी उलझ रही है। जांच में उसके भर्ती परीक्षा का फाॅर्म भरने और उसी केंद्र पर उसकी परीक्षा होने की पुष्टि हुई है।
इसके बाद भी वो किसी अन्य का रोल नंबर डालकर बनाया नकली प्रवेशपत्र लेकर क्यों आया, यह सवाल सभी के मन में है। रविवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। शनिवार को होमगार्ड भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली में आगरा कॉलेज केंद्र में मैनपुरी के कुरावली निवासी करन दुबे को बाॅयोमैट्रिक मिलान नहीं होने पर पकड़ा गया था। उसके प्रवेशपत्र पर दर्ज रोल नंबर जिस परीक्षार्थी का था, वह पहले ही परीक्षा देने पहुंच चुका था।
लोहामंडी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस के पूछताछ करने पर आरोपी युवक ने बताया कि वह होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन कर चुका था। वह सिकंदरा में मामा के यहां रुका था और मामा ने ही उसे प्रवेशपत्र डाउनलोड कर दिया था। पूछताछ के बाद पुलिस को यह मानवीय त्रुटि के बजाय साजिश लग रही है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि मामले में पुलिस टीम जांच कर रही है। आराेपी के मोबाइल को जांच के लिए भेजा गया है।