मैनपुरी। करहल के पूर्व चेयरमैन एवं भाजपा नेता और उनके गुर्गों पर ब्राह्मण समाज के एक युवक ने कुछ दिन पूर्व नग्न कर लात-घूंसों से पीटने व वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया है। वारदात के सामने आने के बाद समाज के लोगों में आक्रोश है। सोमवार को ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित के साथ एसपी से मिला। प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। अधिकारी ने थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
करहल कस्बा निवासी शशांक चतुर्वेदी ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि पूर्व चेयरमैन संजीव यादव व उनके गुर्गे कुछ समय पूर्व उसे घर से उठाकर ले गए थे। चेयरमैन, रिंकू, मिंटा उनके पुत्र व दो अन्य लोगों ने उसे निर्वस्त्र कर लात-घूंसों से पीटा। उसका वीडियो भी बनाया गया। वारदात के बाद मामले में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित के अनुसार रविवार की शाम पूर्व चेयरमैन संजीव यादव, प्रधान विजय यादव, हरिओम यादव व दो अन्य उसे स्कार्पियो गाड़ी में डालकर ले गए। उसके मुंह में राइफल की नाल घुसा दी, पिटाई करते हुए उसका नग्न वीडियो दिखाते हुए कहा कि अबकि बार इस से भी बुरी हालत की जाएगी। गला दबाकर मारने की कोशिश की गई। चीखने पर उसे व साथी ऋषिकांत की हत्या करने की धमकी देकर भाग गए। उन लोगों ने उसका नग्न वीडियो भी वायरल कर दिया। शर्मिंदगी के चलते वह घर से नहीं निकल पा रहा है। एसपी ने थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
एक युवक को पीटे जाने का वीडियो सामने आया है, पूर्व चेयरमैन व गुर्गों पर आरोप है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कमलेश दीक्षित, एसपी
विरोधी दल की साजिश
यह विरोधी दल की साजिश है। निकाय चुनाव से पहले फरवरी महीने का यह वीडियो है। सोची-समझी साजिश के तहत पुन: वायरल कर मुझ पर आरोप लगाकर मेरी छवि धूमिल की जा रही है। घटना से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। जिन लोगों ने युवक के साथ मारपीट की थी उनके खिलाफ पूर्व में ही एफआईआर हो चुकी है और वर्तमान में वह जमानत पर हैं। शिकायतकर्ता खुद कई बार प्रदेेेश के मुख्यमंत्री के लिए अपशब्द इस्तेमाल कर चुका है। इसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
-संजीव यादव, पूर्व चेयरमैन करहल।