घर से निकलते ही युवक पर सरिये और डंडे से किया हमला
- बचाने आई पत्नी को भी पीटकर किया घायल, नगला आनंद में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव नगला आनंद में पहले से घात लगाकर बैठे नामजद लोगों ने युवक के घर से निकलते ही उस पर लाठी-डंडा और सरिये से हमला कर दिया। युवक को पिटता देख जब पत्नी बचाने के लिए आई तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। दोनों घायलों का पुलिस ने मेडिकल कराया। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुर्रा क्षेत्र के गांव नगला आनंद निवासी सुबोध कुमार 18 अप्रैल की सुबह घर पर था। वह काम पर जाने के लिए तैयार होकर करीब 10 बजे जैसे ही घर से बाहर निकला। तभी पहले से घात लगाकर बैठे गांव के सियाराम, प्रवेश कुमार, अरजेश ने रास्ता घेर लिया। आरोपी गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर सुबोध को लाठी डंडा और सरिया से पीटना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुनकर घर में मौजूद पत्नी सीमा देवी बाहर आ गई। पति को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी पीटना शुरू कर दिया। इस बीच बीच बचाव करने आई सुबोध की भाभी शशि की भी पिटाई की गई। ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।