कुसमरा। चौकी क्षेत्र के गांव बुढ़ौली में सोमवार की शाम एक नलकूप की लाइन जोड़ रहा युवक करंट लगने से झुलस गया। घायल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया है। जेई ने उसे अनाधिकृत बताते हुए चौकी पर तहरीर दी है।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव बुढ़ौली में एक किसान के नलकूप की लाइन खराब हो गई थी। सोमवार की शाम गांव हिरौली निवासी पुष्पेंद्र अपने दो साथियों के साथ लाइन को सही करने आया था। पुष्पेंद्र खंभे पर चढ़कर लाइन को सही कर रहा था तभी अचानक लाइन चालू हो गई। इसके चलते तीव्र करंट प्रवाहित हो गया। करंट की चपेट में आकर पुष्पेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने फोन कर बिजली कटवाई। घायल को किशनी सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। जेई ज्ञानेंद्र पुष्कर ने बताया कि पुष्पेंद्र विद्युत निगम का लाइनमैन नहीं है। उसके खिलाफ चौकी पर तहरीर दी गई है। पुलिस मामले में जांच कर कार्रवाई करेगी।