बटेश्वर मंदिर परिसर मे प्रसिद्ध मेला के लिए निरीक्षण करते जिला पंचायत के अधिकारी गण
- फोटो : Samvad
बटेश्वर। उत्तर भारत के प्रमुख तीर्थ धाम बटेश्वर में विश्वविख्यात पशु एवं लोक मेले का आयोजन दीवाली से पहले इसी माह अक्तूबर में प्रस्तावित है। मेजबान जिला पंचायत ने मेले की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अधिकारियों की टीम ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण और सर्वेक्षण किया। अधिकारियों ने मेले के पूरे भू-क्षेत्र का बारीकी से मुआयना किया। मेले में आने वाले दुकानदारों और व्यापारियों के लिए दुकानों एवं स्टॉलों के आवंटन के लिए स्थल की पैमाइश की गई।
बृहस्पतिवार को किए गए स्थलीय निरीक्षण और सर्वेक्षण के बाद जिला पंचायत की टीम ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। इस रिपोर्ट को अंतिम रूप देकर जिलाधिकारी और मंडलायुक्त को सौंपा जाएगा। प्रशासन की हरी झंडी मिलते ही मेले की आधिकारिक तिथियों और रूपरेखा की घोषणा कर दी जाएगी। मेला अधिकारी मासूम रजा ने बताया कि प्रशासन बटेश्वर मेले को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए पूरी तरह गंभीर है। टीम ने स्थल की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए टेंट, झूलों, दुकानों और पशु बाजारों के लिए अलग-अलग सेक्टरों की रूपरेखा पर भी चर्चा की।
दीवाली से पूर्व मेले की आधिकारिक तिथियों की घोषणा कर दी जाएगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले पशुपालकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को समय पर सूचना मिल सके। मेला स्थल की पैमाइश और व्यवस्थाओं का जायजा लेने वाली जिला पंचायत की टीम में इंजीनियर लव शर्मा, प्रेम प्रकाश भारद्वाज, कार्य अधिकारी एकता पंडित, सुभाष वर्मा, जेई धारा सिंह और मेला ठेकेदार आदि शामिल रहे।