फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: जून में पूरा होना था काम, 5 लाख लोग झेल रहे जाम

विज्ञापन
अधूरा पड़ा काम। संवाद
विज्ञापन
आगरा। नमामि गंगे योजना के तहत धांधूपुरा में 100 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक सीवर लाइन बिछाने के लिए फतेहाबाद रोड की खुदाई जारी है। यह काम बीते साल जून में शुरू करके जुलाई तक बारिश शुरू होने से पहले खत्म करना था, लेकिन अब यह काम 31 मार्च तक पूरा किया जाएगा। 9 महीने से फतेहाबाद रोड पर 5 लाख से ज्यादा लोग जाम से जूझ रहे हैं। देरी का आलम ये है कि एक माह का काम 11 माह में पूरा किए जाने से ताजनगरी, ताजगंज, फतेहाबाद रोड और 125 फीट रोड पर रहने वाले लोग परेशान हैं।
विज्ञापन

फतेहाबाद रोड पर शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता मेट्रो स्टेशन से हावर्ड पार्क प्लाजा होटल के बीच में सीवर लाइन बिछाने का काम जलनिगम की ग्रामीण इकाई कर रही है। सड़क पर डिवाइडर के एक ओर की सड़क पूरी तरह से बंद कर दी गई है। दूसरी साइड पर दोनों तरफ के वाहन चल रहे हैं। इससे फतेहाबाद रोड पर हावर्ड पार्क प्लाजा से बसई मोड़ तक जाम लग रहा है। हर दिन यहां लाखों लोग जाम से जूझ रहे हैं, जबकि खुदाई की अनुमति लेते समय कहा गया था कि 300 मीटर के कट तक ही काम चलेगा। सड़क का निर्माण होने के बाद ही नया काम शुरू किया जाएगा।


इस तरह से होना था काम
जलनिगम की ग्रामीण इकाई ने फतेहाबाद रोड पर हावर्ड पार्क प्लाजा से बसई मोड़ तक सीवर लाइन के लिए खुदाई करने को 300-300 मीटर के पांच हिस्से बनाए। ट्रैफिक पुलिस से अनुमति मांगी कि हर 300 मीटर खुदाई के बाद पहले सड़क का निर्माण किया जाएगा, तब नई जगह खुदाई होगी। हर दिन 100 मीटर खुदाई कर सीवर लाइन डालने का दावा किया गया था। तब रात में 11 बजे से सुबह 5 बजे तक खुदाई की जानी थी, लेकिन अब दिन में भी काम जारी है। फिर भी 9 माह से 1.50 किमी लंबे हिस्से में सीवर लाइन नहीं बिछाई जा सकी है। इन दिनों शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता मेट्रो स्टेशन से आईटीसी के बीच खुदाई चल रही है।
विज्ञापन


- सहालग शुरू हो रहे हैं। फतेहाबाद रोड पर ही बड़े होटल और मैरिज होम हैं। अभी जाम से जूझना मुश्किल है, तब तो और हालात खराब हो जाएंगे।- सुमित उपाध्याय, क्षेत्रीय निवासी

- हर दिन दो से तीन घंटे का समय जाम में बर्बाद हो रहा है। पुरानी मंडी रोड पहले से ही खोद रखा है। दिन-रात और ज्यादा मशीनरी लगाकर इस काम को जल्द पूरा किया जाए। रिजवान, क्षेत्रीय निवासी

- जून में खुदाई शुरू की तो जुलाई में मानसून आ गया। दो माह तक काम बारिश के कारण नहीं हो पाया। इस रोड पर यूटिलिटी ज्यादा हैं, जिस वजह से काम धीमे हो पा रहा है। अभी इसमें दो माह का समय और लगेगा। 31 मार्च तक काम पूरा कर पाएंगे।
विज्ञापन

आरपी सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, जलनिगम, ग्रामीण

अधूरा पड़ा काम। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें