आगरा। क्रिकेट की उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग (यूपीपीएल) के चौथे सत्र के खिलाड़ियों की नीलामी पहली बार आगरा में आयोजित होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) इस पर गंभीरता से विचार कर रहा है। चल रही तैयारियों और संकेतों के बीच जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
यूपीपीएल का चौथा सत्र कानपुर में 14 अगस्त से शुरू होना है। लीग के पिछले तीन संस्करणों ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट को नई दिशा देने के साथ प्रदेश के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच उपलब्ध कराया है। आगरा ने दीप्ति शर्मा, ध्रुव जुरेल, दीपक चाहर और राहुल चाहर जैसे खिलाड़ियों से अपनी पहचान मजबूत की है।
खेलप्रेमियों के लिए गर्व का विषय
- यूपीपीएल उत्तर प्रदेश क्रिकेट की पहचान बन चुका है। लीग ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच दिया है। यदि खिलाड़ियों की नीलामी आगरा में होती है तो यह शहर और यहां के खेलप्रेमियों के लिए गर्व का विषय होगा। - सुनील जोशन, अध्यक्ष, आगरा क्रिकेट एसोसिएशन
क्रिकेट इतिहास में बड़ी उपलब्धि
यूपीपीएल खिलाड़ियों की नीलामी आगरा में होती है तो यह आगरा के क्रिकेट इतिहास की बड़ी उपलब्धि होगी। नीलामी में स्थानीय क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी और खिलाड़ियों को बड़े अवसर प्राप्त होंगे। - प्रेम मनोहर गुप्ता, सचिव, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन