संविदाकर्मियों को स्थायी करने की मांग को लेकर सात दिन से अनशन पर थे कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
संविदाकर्मियों को स्थायी करने की मांग के लिए सात दिन से अनशन पर बैठे कर्मचारियों का अनशन समाप्त हो गया। बुधवार से डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में कामकाज शुरू हो जाएगा। मंगलवार को कुलसचिव केएन सिंह और सपा नेत्री कुंदनिका शर्मा ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराया। बता दें कि 2001 से पहले से कार्यरत संविदाकर्मियों को स्थायी करने के लिए शासन ने आदेश दिए थे। इसको लागू करने के लिए पांच कर्मचारी भूख हड़ताल कर रहे थे। कार्य परिषद की बैठक में संविदाकर्मियों को स्थायी करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। कर्मचारी अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने बताया कि जिन 15 कर्मचारियों की संस्तुति रोकी गई है, उसके लिए 15 दिन का समय दिया गया है। बृजेश शर्मा, निर्वेश शर्मा, बृजेश वर्मा, शरद कटियार, अरविंद गुप्ता आदि रहे।
एबीवीपी ने रुकवाया निर्माण कार्य
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय में हो रहे निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाकर कार्य रुकवा दिया। वित्ताधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की जांच की मांग की। छात्र संघ महामंत्री ललित शर्मा और संयुक्त सचिव दीपक बघेल का कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग की पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जांच नहीं की जा रही है।