मैनपुरी। शहर कोतवाली क्षेत्र के नगला गोवर्धन इलाके का एक परिवार रविवार को साइबर अपराध के प्रति जागरूकता के चलते बड़ी ठगी से बच गया। साइबर ठगों ने परिवार को व्हाट्सएप पर कॉल की। बताया कि उनका बेटा दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया है। इस पर परिवार मुस्करा गया। काफी देर हुई बातचीत के बाद साइबर ठग भी समझ गए कि उनकी चाल कामयाब नहीं होगी।
शहर के नगला गोवर्धन में रहने वाली कुसुमा देवी के व्हाट्सएप नंबर पर पाकिस्तान के एक नंबर से फोन कॉल आई थी। कॉल कुसुमा के पुत्र ने उठाई। फोन करने वाले ने परिवार के सदस्यों के बारे में पूछताछ की। कहने लगा कि उसका छोटा पुत्र ऋषभ दिल्ली के सदर इलाके में दुष्कर्म के मामले में साथियों के साथ गिरफ्तार हुआ है। तीन साथी मीडिया के सामने पेश कर जेल भेज दिए हैं। ऋषभ ने पापा से बात करने के लिए कहा है, इसलिए उसे जेल नहीं भेजा है। कुसमा ने बताया कि यह सुनकर परिवार के लोग मुस्कराने लगे। साइबर ठग से बात करते रहे। रुपयों के लेनदेन की बात भी हुई। बाद में फोन करने वाला भी समझ गया कि उसकी चाल यहां कामयाब नहीं होगी। इसके चलते उसने फोन काट दिया। कुसमा ने बताया कि जब साइबर ठग बेटे की गिरफ्तारी की बात कर रहा था तो उनका बेटा घर पर ही मौजूद था। साइबर ठग के नंबर की व्हाट्सएप डीपी पर किसी महिला आईपीएस का फोटो लगी थी।