फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर दिखा वाहनों की रफ्तार का रोमांच

Sat, 21 Feb 2026 02:58 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
रैली को झंडी दिखाते डीएम
विज्ञापन
आगरा। ऊबड़-खाबड़ रास्ते, जगह-जगह कीचड़ और धूल के गुबार के बीच निकलती तेज रफ्तार कार और बाइकें। शुक्रवार को यह नजारा आगरा एडवेंचर कार-बाइक रैली के पहले दिन दिखा। इसमें 52 कार और 25 बाइक राइडरों ने रफ्तार का रोमांच दिखाया। इसमें देशभर से 77 प्रतिभागी शामिल हैं।
विज्ञापन

रैली का आयोजन मोटर स्पोर्ट्स क्लब, जिला प्रशासन, नगर निगम और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त सहयोग से हो रहा है। आगरा-झांसी-आगरा टीएसडी एडवेंचर की यह तीन दिवसीय रैली शुक्रवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल से शुरू हुई। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और अंतरराष्ट्रीय रैली ड्राइवर संजय टाकले ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रथम चरण में प्रतिभागियों ने करीब 100 किलोमीटर का कठिन सफर तय किया। मार्ग में यूपीएमआरसी कास्टिंग यार्ड, एत्मादपुर, मजरा अंडरपास और आगरा बाईपास जैसे स्थान शामिल रहे।
आज झांसी के लिए रवाना होगी रैली
शनिवार सुबह 6 बजे रैली का अगला चरण झांसी के लिए रवाना होगा। एडवेंचर रैली में आगरा सहित चिकमगलूर, देहरादून, दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम, ग्वालियर, हैदराबाद, जयपुर और सिक्किम जैसे विभिन्न शहरों से प्रतिभागी आए हैं।
विज्ञापन

रोमांचक गाड़ियों की शृंखला
रैली में मारुति जिप्सी से लेकर बीएमडब्ल्यू, डिफेंडर और टोयोटा हिलक्स जैसी लक्जरी और एडवेंचर गाड़ियां शामिल हैं। कपल श्रेणी में 6 टीमें और महिला वर्ग की 8 टीमें भी इसमें प्रतिभाग कर रही हैं। यह खेल महिला सशक्तीकरण का संदेश दे रहा है।
रैली के प्रमुख उद्देश्य
मोटर स्पोर्ट्स क्लब के संरक्षक हरविजय सिंह बाहिया और अध्यक्ष राममोहन कपूर ने रैली के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। बाहिया ने कहा कि यह टीएसडी (टाइम, स्पीड, डिस्टेंस) रैली रफ्तार के साथ संयम और सटीकता की परीक्षा है। विजेताओं का चयन सबसे कम टाइम पेनल्टी के आधार पर किया जाएगा। रैली का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में आगरा के साथ बुंदेलखंड क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से सड़क सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है। रैली की व्यवस्था सचिव प्रशांत जैन, कोषाध्यक्ष रचित अग्रवाल, अमित मित्तल, अर्पित अग्रवाल, करण अग्रवाल, हेमंत जैन, मनोज खान, राम प्रताप आदि संभाल रहे हैं।
उम्र को चुनौती देता जज्बा दिखा
विशिष्ट अतिथि संजय टाकले भारत के एकमात्र कार रेसर हैं। उन्होंने सऊदी अरब में आयोजित विश्व की सबसे बड़ी कार रैली डकार क्लासिक में प्रतिभाग किया है। 58 वर्ष की आयु में वह 2025 और 2026 में लगातार दो बार स्टेज विनर भी रहे। उनका अनुभव और प्रेरक व्यक्तित्व प्रतिभागियों के लिए उत्साह का स्रोत बना। रैली में 50 से अधिक उम्र के प्रतिभागियों में युवाओं जैसा जोश दिखा। देहरादून से आए 56 वर्षीय नेवी कमोडोर मनीष भंडारी(सेवानिवृत्त) पहली बार इसमें भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि शौक में उम्र बाधा नहीं बनती। गाजियाबाद की 52 वर्षीय प्रोफेसर शालिनी अपनी सहेली सपना के साथ चौथी बार रैली में आई हैं। उन्होंने कहा कि संयमित और नियमों के साथ दुर्गम रास्तों पर यात्रा करना बहुत रोमांचक होता है।
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें