मेडिकल स्टोर से चोरी करने के बाद सीसीटीवी में भागता दिख रहा चोर
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। देवी रोड पर सोमवार की सुबह एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे युवक ने दवा मांगी। दुकानदार जैसे ही अंदर गया तो युवक ने झपट्टा मारकर गोलक खोली और 65 हजार की नकदी निकाल कर भाग निकला। दुकानदार ने कुछ दूर तक उसका पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आ सका।
कोतवाली क्षेत्र के राजा का बाग निवासी दिनेश कुमार परमार देवी रोड पर भोले मेडिकल स्टोर का संचालन कर रहे हैं। बीते तीन चार दिन से वह दवा बिक्री का कैश घर नहीं ले गए थे। सोमवार की सुबह उन्होंने दुकान खोली थी। तभी एक युवक वहां आया और दवा मांगी। दिनेश दवा लेने के लिए जैसे ही दुकान के अंदर गए।
तभी युवक ने गोलक पर झपट्टा मारा और उसमें रखी करीब 65 हजार रुपये की नकदी निकालकर भाग खड़ा हुआ। दिनेश ने जैसे युवक को भागते हुए देखा तो वह उसके पीछे दौड़ गए। कुछ दूर तक पीछा किया लेकिन इसके बाद युवक एक गली में घुसकर गायब हो गया। काफी देर तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं लग सका। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
मेडिकल स्टोर से नकदी चुराने के बाद युवक घंटाघर चौराहा की ओर भागा। इस दौरान दुकानदार ने भी पीछा किया। पास ही एक दुकान पर लगे एक सीसीटीवी में युवक तेजी के साथ भागता हुआ कैद हुआ है। पुलिस फुटेज के आधार पर पहचान के प्रयास कर रही है।
घटना की तहरीर मिली है, सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को प्राप्त हुए हैं। चोर को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
मधुवन कुमार, प्रभारी एसपी