मिलावटी डीजल की शिकायत पर जांच को पहुंची टीम, अनियमितताएं मिलीं
- अग्रिम आदेशों तक डीजल की बिक्री पर लगाई गई रोक
- जांच के लिए संकलित किए गए डीजल के नमूने
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। कासगंज-एटा रोड पर गांव नदरई के पास स्थित पेट्रोल पंप पर मिलावटी डीजल बिक्री की जांच के लिए पूर्ति विभाग की टीम पहुंची। जांच के दौरान तमाम अनियमितताएं मिलीं। टीम ने गुणवत्ता परखने के लिए डीजल के नमूने संकलित किए हैं और अग्रिम आदेशों तक पेट्रोल पंप पर डीजल की बिक्री रोक दी है। टीम ने रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को सौंपी है।
रविवार को एसडीएम सदर ललित कुमार को सूचना मिली की नदरई के पास राजपूत फिलिंग स्टेशन पर मिलावटी डीजल की बिक्री की जा रही है। इस पर एसडीएम ने आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर भेजी। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में विभागीय लिपिक धर्मेंद्र, सौरभ और अमन की टीम पेट्रोल पंप पर पहुंची। यहां शिकायतकर्ता छोटे लाल मौके पर मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप से 2500 रुपये का डीजल ट्रैक्टर में डलवाया, लेकिन कुछ ही दूरी पर ट्रैक्टर बंद हो गया। अन्य शिकायतकर्ता खूब सिंह ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने कार में डीजल डलवाया, लेकिन कुछ दूर जाकर कार बंद हो गई। टीम ने पेट्रोल पंप प्रबंधक देवानंद से भी जानकारी मांगी। उसके बाद डीजल के 4 नमूने संकलित किए। नमूनों से डीजल की गुणवत्ता लैब में परखी जाएगी। जांच टीम ने अग्रिम आदेशों तक पेट्रोल पंप पर डीजल बिक्री रोकने के लिए नोटिस चस्पा कर दिया है।
- पेट्रोल पंप प्रबंधक ने जांच में सहयोग नहीं किया। स्टॉक रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं कराया गया। पंप पर गंदगी थी। डीजल की जांच के लिए नमूने संकलित कर लिए गए हैं। रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेजी गई है
- सुनील कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी।
रिपोर्ट एवं संपादन अजय झंवर