ताजमहल का दीदार अब और महंगा हो जाएगा। आगरा विकास प्राधिकरण ने पथकर में तीन गुना तक बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव को बैठक में पास कर दिया है। देस और विदेश के पर्यटकों की जेब पर जहां बोझ बढ़ा दिया है, वहीं सार्क देशों के पर्यटकों को थोड़ी राहत दी है। इसके अलावा एडीए अब मेहताब बाग से भी पथकर की वसूली करेगा। बैठक में कई और महत्वपूर्ण प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई।
सोमवार को जयपुर हाउस स्थित आगरा विकास प्राधिकरण कार्यालय में मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। इसमें 27 प्रस्ताव रखे गए। जिनमें से दस प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है। तीन प्रस्ताव खारिज कर दिए गए। वहीं कुछ प्रस्ताव अवलोकनार्थ प्रस्तुत किए गए और कुछ को अगली बैठक में रखने का प्रस्ताव रखा गया है। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण रहा ताजमहल पर पथकर में बढ़ोत्तरी। बैठक में जिलाधिकारी पंकज कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर, एडीए वीसी मनीषा त्रिघाटिया, सचिव कैप्टन प्रभांशु श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
इनसेट
पर्यटकों की जेब पर बढ़ा बोझ
ताजमहल पर पथकर बढ़ाने के लिए एडीए लंबे समय से प्रयास कर रहा था। जनवरी 2013 की बैठक में पथकर बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव रखा गया था। तब बोर्ड बैठक में इस पर सहमति नहीं बन पाई थी। सोमवार को हुई बैठक में पथकर में तीन गुना तक की बढ़ोत्तरी पर सहमति बनी है। ताज पर जहां देशी पर्यटकों के लिए तीस रुपये पथकर बढ़ा दिया है, वहीं विदेशी पर्यटकों के लिए भी पथकर में 250 रुपये की वृद्धि की गई है। हालांकि सार्क देशों के पर्यटकों के लिए 500 रुपये पथकर में से दस रुपये घटाए गए हैं। इतना ही नहीं, एडीए मेहताब बाग से भी पथकर वसूलेगा। अब तक यहां सिर्फ पुरातत्व विभाग ही पर्यटकों से टिकट के रूप में पांच रुपये ले रहा था। इन प्रस्तावित दरों को जल्द ही शासन के पास भेजा जाएगा। जहां से स्वीकृति मिलते ही ताजमहल पर नई दरें लागू कर दी जाएंगी। ताजमहल में 15 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश नि:शुल्क है। इसे घटाकर पांच साल तक के बच्चों पर लागू किए जाने का प्रस्ताव था, जिसे स्थगित कर दिया गया।
ताजमहल पर प्रस्तावित दरें
पर्यटक-एडीए-एएसआई-कुल
भारतीय-40-10-50
सार्क-490-10-500
विदेशी-750-250-1000
अभी तक यह थी टिकट दर
पर्यटक-एडीए-एएसआई-कुल
भारतीय-10-10-20
सार्क-500-10-510
विदेशी-500-250-750
मेहताब बाग में प्रस्तावित दर
पर्यटक-एडीए-एएसआई-कुल
भारतीय-15-5-20
विदेशी-100-5-105
(दर रुपये में)