कोहरे का कहर, हाइवे पर वाहन लाइट जलाकर दौड़े वहीं ट्रेन कोहरे के कारण अपने गंतव्य पर देरी से पहु
आगरा। ठंड और गलन से कुछ दिन राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम का मिजाज रविवार को और सर्द हो गया। सुबह के वक्त कोहरा हटने पर लोग धूप निकलने की उम्मीद लगाए बैठे रहे। रविवार को अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की गई। यह 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर में लगातार दूसरे दिन कोल्ड डे कंडीशन बनी रहने से लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। सुबह के समय कोहरे की वजह से यातायात भी प्रभावित हुआ।
शनिवार के बाद रविवार को भी आगरा का तापमान सामान्य से करीब 4.6 डिग्री कम रहा जो कोल्ड डे कंडीशन होती है। घर से बाहर निकलते ही लोगों को ठिठुरन महसूस हुई। शनिवार रात से छाया घना कोहरा रविवार सुबह 10 बजे तक हटा लेकिन धूप न निकलने से गलन से राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार सोमवार को भी कोहरा छाने के आसार हैं। तापमान में विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। सोमवार को भी कोल्ड डे कंडीशन रहने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है कि घर से बाहर निकलते समय सर्दी से बचाव के इंतजाम करके ही निकले। प्रशासन ने कक्षा एक से आठ तक के स्कूल का समय सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित कर दिया। वहीं कोहरे के कारण रात में चलने वाली बसों में भी 20 फीसदी कटौती की गई है।
क्या होती है कोल्ड डे कंडीशन
जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे कम या अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री तक नीचे रह जाता है। उस स्थिति को शीत दिवस या कोल्ड डे कंडीशन माना जाता है। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री नीचे गिरने पर अत्यंत शीत दिवस परिस्थिति मानी जाती है।