आगरा में बृहस्पतिवार रात तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। कई जगह पेड़, होर्डिंग और बिजली के खंभे गिरने से घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
कई दिन से धूप की तपिश और गर्मी से जूझ रहे लोगों को बृहस्पतिवार रात बारिश से राहत मिली। हालांकि, तेज आंधी की वजह से कई जगह होर्डिंग, पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। इससे घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से चार तीन दिन तक 60 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने, तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। आंधी के दौरान शिल्पग्राम रोड पर पेड़ गिरने से बाइक सवार युवक घायल हो गया।
विज्ञापन
आंधी में थाना न्यू आगरा की छत पर बनी दीवार भरभराकर गिर गई। उस समय थानाध्यक्ष निशामक त्यागी सहित अन्य पुलिसकर्मी खड़े हुए थे। गनीमत रही कि वह बाल बाल बच गए। घटना से भगवान टॉकीज चौराहे पर अफरातफरी मच गई।
सुबह तेज धूप से दिन का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री पहुंच गया। वहीं दोपहर बाद छाए बादलों की वजह से बढ़ी उमस ने लोगों को बेचैन कर दिया। रात में आंधी ने जनजीवन प्रभावित किया। करीब 50 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से आई आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में होर्डिंग और साइनबोर्ड गिर गए। वजीरपुरा सड़क पर होर्डिंग गिर गए।
विज्ञापन
कुछ जगह बैनर फटकर हवा में लहराते रहे, जिससे आने-जाने वाले खासकर दोपहिया चालकों को परेशानी हुई। आंधी का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। तेज हवाओं के कारण पेड़ और टहनियां टूटकर बिजली के तारों पर गिर गईं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हुई। लोगों को घंटों अंधेरे में गुजारना पड़ा।
जगनेर, फतेहाबाद, यमुनापार समेत कई जगह घंटेभर बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। आगरा जोन के डीवीवीएनएल के मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी ने बताया कि आंधी की वजह से कुछ जगह आपूर्ति बाधित हुई थी। चेतावनी के चलते पहले ही मेंटेनेंस टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया था। जहां से भी शिकायत आई, दिक्कत को दूर करा दिया गया है। रात में भी टीमों को सब स्टेशनों पर ही तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।