आगरा। शाहगंज क्षेत्र में अजमन ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक असगर अली की माैत के मामले में पुलिस के साथ अब एसटीएफ भी जांच करेगी। शक के घेरे में आए एक व्यक्ति की तलाश के लिए दोनों टीमें पड़ताल करेंगी। एसटीएफ साक्ष्य संकलन करने में जुट भी गई है।
शाहगंज स्थित मेवाती गली निवासी असगर अली की 18 दिन पहले मल्ल का चबूतरा पर कार की टक्कर से मौत हो गई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर परिजन ने हत्या का आरोप लगाया था। प्राथमिकी हादसे की दर्ज कराई गई थी। बेटे डाॅ. सजमन ने पिता की हत्या का शक एक जीएसटी अधिकारी, उनके पति सहित 5 लोगों पर लगाया है।
पुलिस की जांच में हादसे वाली कार जालाैन नंबर की थी। कार के कई चालक बदले गए थे। शक जताए गए लोगों में से एक संदिग्ध की लोकेशन मिली थी। वह घर से भाग गया है। उसका मोबाइल भी बंद है। अब घटना में पड़ताल के लिए एसटीएफ को भी लगाया गया है।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि घटना के संबंध में सुराग मिले हैं। इन पर टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।