बरहन (आगरा)। क्षेत्र के गांव बजरिया, खांडा निवासी सिपाही केशव यादव (30) की कानपुर में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में हुई मौत की सूचना पर गांव में शोक और परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव मंगलवार की शाम घर पहुंचा तो परिजन बिलख पड़े।
परिजन के मुताबिक केशव यादव वर्ष 2018 में पुलिस विभाग में सिपाही पद पर भर्ती हुए थे। इस समय कानपुर देहात के रसूलाबाद थाने में तैनात थे। क्षेत्र में समन तामील कर चौकी लौटते समय किसी वाहन की टक्कर लगने से उनकी जान चली गई थी। मंगलवार की शाम शव घर आते ही पत्नी संतोष देवी बेसुध हो गईं। मां रामा देवी, छोटी बहन रश्मि और अन्य परिजन का भी रो-रोकर बुरा हाल है। केशव अपने भाइयों में सबसे बड़े थे। उनसे छोटा भाई रामू खेती करता है, जबकि सबसे छोटा भाई पुष्पेंद्र पढ़ाई कर रहा है। अंतिम संस्कार के दौरान नौ वर्ष के बड़े बेटे आर्यन ने मुखाग्नि दी। घरवालों ने बताया कि केशव यादव करीब 25 दिन पहले एक दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे। अंतिम संस्कार के समय कानपुर देहात और बरहन थाने की पुलिस और अलावा हजारों ग्रामीण मौजूद रहे।
दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
केशव यादव का शव गांव में आया तो उनके दो मासूम बेटे आर्यन (9) और आरव (7) बार-बार अपने पिता को उठाने की कोशिश करते रहे। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी छलक उठीं। हादसे से इन दोनों बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया।
मृतक सिपाही और विलाप करते परिजन