मैनपुरी। भोगांव थाना क्षेत्र में नगर पंचायत कार्यालय के पास सोमवार को घंटाघर बाजार में एक सराफा की दुकान से लाखों के जेवर लेकर भागे लुटेरे पुलिस की पकड़ से दूर है। इससे इलाके के व्यापारियों में असुरक्षा व आक्रोश का माहौल है। एसपी ने तीन टीमों का गठन तो वारदात के खुलासे के लिए कर दिया है। मगर, तीनों टीम मिलकर भी बुधवार तक सीसीटीवी में कैद आरोपी की तस्दीक नहीं कर सकी हैं।
कस्बा निवासी मोहन लाल लोधी की घंटाघर बाजार में मोहन लाल ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार सुबह एक युवक दुकान पर आया और एक चांदी की अंगूठी 160 रुपये में खरीद ली। सोने के पैंडल भी देखने लगा। एक के बाद एक 5 पैंडल देखने के बाद भी जब उसे कोई पसंद नहीं आया तो और दिखाने के लिए कहा। सराफ और पैंडल निकालने के लिए मुड़ा, तभी बदमाश काउंटर पर रखे 5 पैंडल उठाकर भाग निकला। लुटेरा सीसीटीवी में भी कैद हो गया है।
चार दिन बाद भी औंछा पुलिस नहीं पकड़ सकी चोर
मैनपुरी। औंछा में रविवार को हुई नकबजनी की वारदात के आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पीड़ित परिवार ने चोरी की घटना के खुलासे के लिए एसपी से गुहार लगाई है। औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला रते निवासी कैलाश चंद्र रविवार को अपने पिता की अस्थियों का विसर्जन करने के लिए गया था। घर में उसकी पत्नी ज्योति बच्चों के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। तभी घर के कमरे में पीछे से नकब लगाकर चोर अंदर घुसे और अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे सोने- चांदी के चार लाख कीमत के जेवरात तथा 50 हजार की नकदी चुरा ले गए।