आगरा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं द्वितीय बोर्ड परीक्षा का परिणाम सोमवार को जारी होने की संभावना है। जिले के सीबीएसई डिप्टी कोऑर्डिनेटर रामानंद चौहान ने बताया कि बोर्ड सोमवार को परिणाम घोषित कर सकता है। इस परीक्षा में करीब 3000 विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
इस वर्ष सीबीएसई ने नई परीक्षा प्रणाली लागू करते हुए पहली बार एक ही शैक्षणिक सत्र में कक्षा 10 के विद्यार्थियों को द्वितीय बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया। यह परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी, जो पहली बोर्ड परीक्षा में अपने अंकों में सुधार करना चाहते थे। दूसरी बोर्ड परीक्षा 15 से 21 मई के बीच निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई थी। जिले से करीब 3,000 विद्यार्थियों ने द्वितीय बोर्ड परीक्षा दी थी। जबकि वर्ष 2026 की प्रथम बोर्ड परीक्षा में लगभग 14,000 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने बेहतर अंक प्राप्त करने के उद्देश्य से दूसरी परीक्षा का विकल्प चुना।
नई व्यवस्था के अनुसार प्रथम और द्वितीय बोर्ड परीक्षा में जिस विषय में विद्यार्थी के अधिक अंक होंगे, वही अंक अंतिम परिणाम में जोड़े जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को बिना एक वर्ष गंवाए प्रदर्शन में सुधार का अवसर मिलेगा। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह व्यवस्था परीक्षा के दबाव को कम करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन का दूसरा मौका भी देती है। रिजल्ट जारी होने के बाद विद्यार्थी सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट, डिजिलॉकर और उमंग एप के माध्यम से परिणाम और डिजिटल मार्कशीट देख सकेंगे। स्कूलों को भी बोर्ड की ओर से परिणाम उपलब्ध कराया जाएगा। परिणाम घोषित होने के बाद आगे की प्रवेश प्रक्रिया और विषय चयन में भी विद्यार्थियों को आसानी होगी।