सोरोंजी। हरि की पौड़ी के नवनिर्मित घाटों पर मार्च माह में लगी स्टील रेलिंग अब उखड़ने लगी है। रेलिंग लगाने में लापरवाही बरतने के कारण यह नीचे से हिलने लगी हैं। यह हिल रही रेलिंग कभी भी गिर सकती है या अराजकतत्व इसको निकाल ले जा सकते हैं। स्थानीय बाशिंदों ने रेलिंग को मजबूती से दुबारा एक फुट जमीन के अंदर से लगाए जाने की मांग की है।
यूपी पर्यटन विभाग द्वारा हरि की पौड़ी के चारों ओर सौंदर्यीकरण की दृष्टि से घाटों का आधुनिक ढंग से निर्माण कार्य जून 2021 से शुरू कराया गया था। इसमें तीन 100 मीटर घाट निर्माण, घाटों पर स्टील रेलिंग, दो गजीबो का निर्माण, चेंज रूम निर्माण, गंगाजी में जलापूर्ति के लिए नलकूप निर्माण, हरि की पौड़ी परिक्रमा मार्ग पर रोशनी के लिए बीस सोलर लाइट्स लगाना आदि सभी कार्य इसी वर्ष मार्च माह में पूरे हुए हैं।
इस कार्य के लिए पर्यटन विभाग ने कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड को 5.99 करोड़ की राशि जारी की थी, लेकिन कुछ दिन बाद ही सभी बीस सोलर लाइट्स उतार ली गईं। अब घाटों पर लगी स्टील की रेलिंग की चूलें भी हिलने लगी हैं। हरि की पौड़ी के पश्चिमी व पूर्वी छोर पर दोनों ओर आधा दर्जन स्थानों पर रेलिंग उखड़ने की स्थिति में आ गई है। तीर्थनगरी के बाशिंदे राजू मिश्रा, किशन पसनावत, प्रशांत तिवारी, माधव महेरे, बृजभूषण तिवारी आदि ने रेलिंग को मजबूती से लगाए जाने की मांग की है।