बाह: नंदगवा में अटेर पुल को चालू कराने के लिए भाकियू का धरना
बाह। मध्य प्रदेश के भिंड एवं उत्तर प्रदेश के जैतपुर को जोड़ने वाले चंबल नदी के अटेर पुल पर 3 साल पहले बंद हुए आवागमन को फिर से शुरू कराने के लिए सोमवार को पांचवें दिन भी भारतीय किसान यूनियन (सर्वोदय) का नंदगवां में धरना जारी रहा। धरना स्थल पर लोक निर्माण एवं वन विभाग की टीम वार्ता के लिए पहुंची। धरनारत भाकियू नेताओं से वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। लेकिन भाकियू नेता आवागमन शुरू होने के बाद ही धरना समाप्त करने की जिद पर अड़े हुए थे।
जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि आवागमन शुरू न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पुल पर आवागमन बंद होने की वजह से दोनों राज्यों के 150 से ज्यादा गांवों के व्यापारी और किसान प्रभावित हो रहे हैं। उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए 60 से 90 किमी तक अतिरिक्त चल कर धन और समय बर्बाद करना पड़ रहा है। धरने में जितेंद्र सिंह तोमर, रामदत्त वर्मा, राजीव सिंह यादव, धीरज सिंह राठौड़, पहलवान सिंह, अजगर सिंह, सूरत राम, सोनेलाल, साहब सिंह, हनुमान सिंह, मलखान सिंह आदि रहे।