मैनपुरी। दहेज में दस लाख रुपये की अतिरिक्त मांग पूरी नहीं होने पर दहेजलोभी लोग बरात लेकर नहीं आए। पंचायत के बाद भी बात नहीं बनने पर लड़की के पिता ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
थाना कोतवाली के नगला भगी निवासी ग्रामीण ने अपनी पुत्री की शादी भानुप्रताप सिंह निवासी परोंख थाना कोतवाली के साथ तय की थी। बरात छह दिसंबर को आनी थी। छह दिसंबर की सुबह कन्या के पिता को फोन करके भानुप्रताप के पिता मलिखान सिंह ने अपने गांव बुलाया। अतिरिक्त दहेज के रूप में दस लाख रुपये की मांग की।
मांग पूरी नहीं होने पर बरात नहीं लाने की धमकी दी। भानुप्रताप के पिता बरात लेकर नहीं पहुंचे। बरात नहीं आने पर कन्या के पिता ने थाना कोतवाली में भानुप्रताप, उसके पिता मलिखान सिंह, मां महेश्वरी देवी निवासी परोंख, दिलीप यादव निवासी नगला नया, आमोद निवासी कमलपुर, उदयवीर निवासी मनोने के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।